विश्व विद्यालय की परीक्षा देकर निकलते जीएफ कॉलेज के छात्र-छात्राएं। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में नकलची पकड़े जाने का पहला मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को निगोही क्षेत्र के परीक्षा केंद्र पर भौतिक विज्ञान के पेपर में पर्ची लेकर पहुंचे परीक्षार्थी को आंतरिक सचल दल ने बुक कर दिया।
द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान तथा अर्थशास्त्र विषयों की परीक्षा हुई। सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निगोही में परीक्षा केंद्र पर भौतिक विज्ञान का पेपर चल रहा था, तभी आंतरिक सचल दल ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई तो एक परीक्षार्थी के पास से पर्ची मिल गई। जिस पर परीक्षार्थी को बुक कर दिया गया। कंट्रोल रूम प्रभारी व जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि निगोही के हमजापुर में स्थित सर्वहितैषी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान एक नकलची पकड़ा गया है। अन्य परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराई गई।
1354 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
- कंट्रोल रूप प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा के लिए 18699 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 17345 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1354 गैरहाजिर रहे।
कांट के जीआईसी में चाक-चौबंद मिली व्यवस्थाएं
कांट के जीआईसी में परीक्षा केंद्र पर बीडीओ राजीव कुमार मिश्रा व जीआईसी चांदापुर प्रधानाचार्य धनवीर सिंह के नेतृत्व वाले सचल दल ने निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद और दुरुस्त मिली। केंद्र व्यवस्थापक दीपक दीक्षित ने बताया कि कोविड-हेल्प डेस्क लगावाई गई है, जिस पर मास्क, थर्मल-स्कैनर, पल्स ऑक्सीमीटर और सैनिटाइजर उपलब्ध है। कोविड-प्रोटोकॉल के तहत परीक्षा कराई गई जा रही है।