शाहजहांपुर। युवक ने पुलिस और सट्टा किंग से प्रताड़ित होकर राष्ट्रपति को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र के अनुसार थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाड़ूजई प्रथम निवासी राहत अली कुछ समय पहले सट्टा माफिया के पास नौकरी करता था। समाज में बदनामी और परिवार के समझाने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसके बाद से सट्टा किंग ने पुलिस की मदद से उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
दोबारा से सट्टा किंग ने नौकरी पर आने का दबाव बनाया। मना करने पर सट्टा किंग उसे अंजाम भुगतने की धमकी देेता है तो कभी पुलिस को घर भेजकर परेशान करता। आरोप है कि तीन जून को सट्टा किंग ने अंजाम भुगतने की धमकी दी। कुछ देर बाद उसके घर पुलिस ने आकर तलाशी ली और थाने ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने उसको जेल भेज दिया था। उसकी पिटाई के सुबूत जेल में हुए मेडिकल परीक्षण में हैं।
इतना ही नहीं, पेरोल पर छूटने के बाद बाहर आते ही सट्टा किंग फिर परेशान करने लगा। इसके बाद पीड़ित शहर छोड़कर लखनऊ में रहने लगा। तब सट्टा किंग ने उसके घर भेजकर उसके भाई हैदर को उठवा लिया। सट्टा लिखने वाले अन्य लोगों को पकड़कर उसके साथ हैदर को भी जेल भेज दिया। पुलिस-प्रशासन से न्याय न मिलने पर सट्टा किंग और पुलिस से परेशान होकर पीड़ित ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है ।