शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को विरोध शुरू कर दिया था। इसके बाद अधिकारियों को पीछे हटना पड़ा। शुक्रवार को नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अंगद गुप्ता के नेतृत्व में अतिक्रमण अभियान शुरू करने से पहले व्यापार मंडल एवं स्थानीय व्यापारियों को बुलाकर नाली के ऊपर के चबूतरे हटाने व उसके ऊपर लोहे का फोल्डिंग जाल बनाकर उसी पर ग्रीनघास वाली मेट बिछाने तथा दुकान पर चढ़ने के लिए लोहे की सीढ़ी उसी जाल में अटैच करने पर विचार विमर्श हुआ। सभी की सहमति के बाद अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। तारीन टिकली से आगे घंटाघर तक अतिक्रमण हटवाया गया।
तिलहर में लाल निशान लगाने के दौरान व्यापारियों ने किया विरोध
तिलहर। स्टेशन रोड पर शाम चीनी मिल की बाउंड्री के समीप खोखा-पटरी व्यापारियों की दुकानों पर प्रवर्तन दल द्वारा लाल निशान लगाने के दौरान शुक्रवार की व्यापारी विरोध पर उतर आए। व्यापारी रामचंद्र उर्फ बच्चू बाबू प्रजापति, चेतराम प्रजापति, अली हसन, खलील अहमद, श्यामाचरण, मोहिद खान, दीपक, संतोष, रिजवान, सदीक अहमद, संजय राजपूत आदि ने टीम के खिलाफ नारेबाजी की। उनका व पालिका प्रशासन के बीच सिविल कोर्ट में वाद चल रहा है। इसमें 28 जुलाई की तिथि सुनवाई के लिए तय है।
व्यापारियों ने कहा कि यह चीनी मिल की आराजी है। ईओ सर्वेश कुशवाहा ने कहा कि चीनी मिल की आराजी चीनी मिल बाउंड्री तक सीमित है। इस दौरान प्रभारी थाना इंचार्ज एके श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने लाल निशान लगवा कर मामला शांत किया। कुछ व्यापारियों में लाल निशान को मिटा दिया। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक जंग बहादुर यादव ने कहा कि डीएम की अनुमति से चीनी मिल की भूमि की पैमाइश कराई जाएगी। संवाद
भेदभाव पर टीम से भिड़े व्यापारी
बंडा। अतिक्रमण हटाने के दौरान शुक्रवार को रोड के एक ओर 45 फुट और दूसरी ओर 60 फीट जगह खाली कराए जाने से नाराज व्यापारी अतिक्रमण हटा रही टीम से भिड़ गए। व्यापारियों ने कहा कि रोड के दोनों ओर समान दूरी में अतिक्रमण हटाना चाहिए। अतिक्रमण हटा रही टीम बैकपुुट पर आ गई और जिस स्थान पर विवाद था, वहां अतिक्रमण हटाने का काम रोक दिया गया। संवाद
व्यापारियों ने खुद हटाया अतिक्रमण
अल्हागंज। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दयाशंकर वर्मा, जलालाबाद सीओ मस्सा सिंह टीम के साथ शुक्रवार सुबह मार्केट में पहुंचे। जेसीबी देखकर टीम देखते ही कई दुकानदारों ने अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों के अनुरोध पर अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है। ईओ के मुताबिक 29 मई को अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। संवाद