शाहजहांपुर/तिलहर। 14 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर युवा खासे उत्साहित हैं। प्रदेश में सरकार कैसी हो और उनका जनप्रतिनिधि कैसा हो, इस पर युवा अपनी बेबाक राय रख रहे हैं। युवाओं का कहना है कि जनप्रतिनिधि जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास कराने वाला, युवाओं को रोजगार तथा अन्य संसाधन उपलब्ध कराने वाला होना चाहिए। युवतियों ने कहा कि समाज में सामाजिक सद्भाव बना रहे और महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने वाली सरकार होनी चाहिए।
फोटो नंबर 19-
-शहर की प्रमुख समस्याओं को ध्यान में रखकर वोट देंगे। प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण के कारण लोगों का निकलना मुश्किल है। कचहरी वाला रोड बंद होने से पूरे शहर का ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ा जाता है। ये समस्याएं हल हों।
विधि सक्सेना, रेलवे कॉलोनी, रोजा
-नगर निगम बनने के बाद क्षेत्र का विस्तार हुआ है, पर विस्तारित क्षेत्रों में सुविधाएं बिल्कुल नहीं मिल रही हैं। इसके अलावा नगर में जगह-जगह बिजली के पोल काफी जर्जर हालत में हैं। आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
कृष्णा सक्सेना, सिटी पार्क
चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि गायब हो जाते हैं। हम ऐसे प्रत्याशी को वोट दें जो चुनाव जीतने के बाद मतदाताओं से रूबरू हो सकें। जातिवाद से ऊपर उठकर लोगों को विकास के मुद्दों पर वोट देना चाहिए।
आयुष आर्य, तिलहर।
देश का युवा बेरोजगारी से पीड़ित है। उसे रोजगार नहीं मिलता है। सरकारें भी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। विकास के मुद्दे पर लोगों को वोट देना चाहिए। क्षेत्र में बड़े-बड़े उद्योग लगने चाहिए जिससे रोजगार मिल सके।
- प्रियांशु सिंह, मोहल्ला बहादुरगंज, तिलहर।
वर्तमान सरकार ने नारी सशक्तिकरण को लेकर अभियान चलाया जिससे महिलाओं में जनजागृति हुई है। युवतियों को चाहिए कि वह ऐसे जनप्रतिनिधि को वोट दें जो महिलाओं की सुरक्षा का वायदा करें और गुंडागर्दी खत्म करे। - रिया शर्मा, कंप्यूटर शिक्षिका तिलहर।
चुनाव के समय प्रत्याशी वोट लेने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। अब मतदाता जागरूक है। ऐसे में महिलाओं को चाहिए कि वह शिक्षा और नारी सम्मान दिलाने वाले प्रत्याशी को ही वोट दें। प्रत्याशी शिक्षित हो। - अनुष्का सिंघल, तिलहर।