बंडा। विद्युत निगम के अभियंताओं ने उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना दिए बगैर मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे 33 केवीए की मुख्य हाईटेंशन लाइन को बंद कराकर उसकी मरम्मत का काम शुरू करा दिया। इस दौरान स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के सभी फीडर करीब पांच घंटे तक बंद रहने से लोगों को खासी परेशानी हुई।
इस दौरान हाईटेंशन लाइन के कई जगह तार बदलने के साथ क्लैंप और इंसुलेटर भी बदले गए। सुबह से विद्युत आपूर्ति बंद हो जाने से नौकरीपेशा और कामकाजी तबके के लोगों की सुबह की दिनचर्या में व्यवधान पड़ गया। सबमर्सिबल पंप नहीं चल पाने से तमाम घरों में पानी का संकट हो गया। हालांकि, बिजली आपूर्ति शुरू होने पर लोगो ने राहत की सांस ली।
निगम के प्रभारी अवर अभियंता जयंत कुमार ने बताया 33 केवीए लाइन पर कई नए खंभे भी लगाए गए हैं। उन्होंने इस कार्य के दौरान उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया। संवाद