शाहजहांपुर। बिजली न आने से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान किसानों ने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति में सुधार लाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
कलान क्षेत्र के बाराकलां, बारा खुर्द, सनाय नगला, पटना देवकली, श्रीनगर, विचोला आदि गांवों में बिजली संकट से लोग परेशान हैं। बिजली न आने से किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। किसान महंगे डीजल से फसल की सिंचाई करने को मजबूर हो रहा है। वहीं भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। बिजली न मिलने से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। बिजली संकट से नाराज इन गांवों के तमाम किसानों ने बुधवार को हंगामा काटा। सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीओ ने ग्रामीणों को सप्लाई में सुधार का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोग घर को लौट गए। लोगों का कहना है कि अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। संवाद.