शाहजहांपुर। तापमान में गिरावट होने पर सर्दी में लोगों को जोड़ों का दर्द परेशान कर रहा है। हड्डी रोग विभाग में ऐसे मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत तक बढ़ गई है। चिकित्सक मरीजों को सर्दी से बचाव की सलाह दे रहे हैं। इसी तरह गठिया के रोगी भी पहुंच रहे हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग में सौ से ऊपर मरीज रोजाना ही पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो कैल्शियम की कमी, सर्दी की वजह से हाथ और पैर की नसों के सिकुड़ने से रक्त के प्रवाह में दिक्कत आने लगती है। इससे जोड़ों का दर्द होता है। अधिकतर 40 साल से ऊपर के मरीजों में दिक्कत अधिक होती है। हड्डी रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार बताते हैं कि जोड़ों के दर्द की समस्या से बचने के लिए सर्दी से बचाव करें। व्यायाम और योग भी करते रहें।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में रोजाना ही गठिया के दस से 12 मरीज पहुंच रहे हैं। सर्दी बढ़ने के बाद गठिया के मरीजों को दिक्कत बढ़ने लगी है। चिकित्सक उन्हें दवा देने के साथ ही सर्दी से बचाव, तंबाकू के उत्पादों से परहेज करने, स्वस्थ आहार और व्यायाम करने, गर्म पानी से सिकाई की सलाह देते हैं।