शाहजहांपुर। परिवहन विभाग की ओटीएस योजना का लाभ लेने में बकायेदार रुचि नहीं ले रहे हैं। प्रचार-प्रसार के अभाव में मात्र 964 वाहन मालिकों ने ही अभी बकाया जमा किया है। अफसर बता रहे हैं कि करीब 15 सौ वाहन मालिकों से संपर्क नहीं हो पाया है। इनमें अधिकतर के मोबाइल नंबर ही बदल गए हैं।
छह नवंबर को तीन महीने के लिए व्यावसायिक वाहनों पर लागू जुर्माने को समाप्त करने के लिए एकमुश्त समाधान योजना को लागू किया गया था। जिले के 4877 वाहनों मालिकों पर बकाया होने पर उन्हें कॉल कर ओटीएस के लाभ बताए गए। काफी प्रयास करने पर 112.13 लाख रुपये जमा हुए।
शेष 3913 वाहनों स्वामियों ने दिलचस्पी नहीं दिखा। परिवहन विभाग का दावा है कि उन्हें लगातार कॉल की जा रही है। बताते हैं कि करीब 24 सौ लोगों से बात हुई, जबकि 15 सौ लोगों से संपर्क नहीं पा रहा है। इनमें अधिकतर के नंबर बदल गए अथवा उनका मोबाइल लंबे समय से बंद हैं। बकायेदारों पर चार करोड़ दो लाख रुपये बकाया है।
-
हर महीने ढाई सौ नोटिस जारी
-पांच साल से बकाया जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। हर महीने ढाई सौ नोटिस जारी किए जाते हैं। एआरटीओ प्रशासन शांतिभूषण पांडेय ने बताया कि पांच फरवरी तक योजना का लाभ मिल सकेगा। आवेदक को परिवहन कार्यालय में आवेदन देना होगा। आवेदन के साथ 75000 किलोग्राम तक के वाहन के साथ दो सौ रुपये व उससे अधिक भारी वाहन के लिए पांच साै रुपये शुल्क जमा करना होगा। बकाया को एक बार में ही जमा करना होगा।