बंडा। बरात के देर से आने पर शुरू हुआ विवाद खाने के दौरान और बढ़ गया। एक बराती ने वधू के चचेरे भाई के थप्पड़ मार दिया तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। पंचायत में भी बात नहीं बन सकी और बरात बैरंग लौट गई।
रविवार शाम जलालाबाद से बंडा के मोहल्ला रामनगर में बरात आनी थी। बरात काफी देर से पहुंची तो वधू पक्ष एतराज जताया। खाने में देरी पर एक बराती ने वधू के चचेरे भाई के थप्पड़ मार दिया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। बरातियों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। वधू ने विवाद के चलते शादी करने से इनकार कर दिया।
सोमवार को दिनभर थाने में पंचायत चलती रही। लेकिन किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं दी। वधू ने साफ कह दिया कि वह विवाद करने वालों के यहां किसी भी तरह शादी नहीं करेगी। वर और वधू पक्ष ने एक दूसरे को दिया सामान लौटाने पर सहमति जताई।
इसके बाद वर पक्ष के लोगों ने जलालाबाद से उपहार में मिला सामान मंगाकर वधू पक्ष को सौंप दिया। देर रात बरात बिना दुल्हन के लौट गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया दोनों पक्षों में समझौता होने के कारण कार्रवाई नहीं की गई है।