बंडा (शाहजहांपुर)। मोहल्ला पसियापुर में पिता और बाबा से मारपीट कर रहे नशे में धुत युवक की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम के सिपाही से भी आरोपी ने अभद्रता कर दी। बताते हैं कि युवक ने सिपाही पर हमला कर उसकी वर्दी तक फाड़ दी। हालांकि पुलिस ने मारपीट और वर्दी फाड़ने की घटना से इन्कार किया है।
पुलिस को बुधवार शाम सूचना मिली कि पसियापुर में एक युवक ने शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट की है। उन्हें बचाने आए बाबा को भी आरोपी ने पीट दिया। इस पर डायल 112 पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपी को पकड़ना चाहा तो वह पुलिसकर्मियों से गालीगलौज करने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ा तो शराबी युवक एक सिपाही पर हमलावर हो गया। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। उससे पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य का कहना है कि आरोपी युवक ने नशे में पुलिस से सिर्फ गालीगलौज की। सिपाही की वर्दी फाड़ने की बात निराधार है।