शाहजहांपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली है। मामले की तहरीर पर सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तहरीर में बताया गया है कि जिन नंबरों से कॉल करके धमकी दी गई उन नंबरों पर कार्यालय के एक कर्मचारी से बात होती है। पुलिस ने मामले की जांच कर शुरू कर दी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुमन कुमार ने सदर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग का भी कार्य देख रहे हैं। 23 जनवरी की रात करीब 10:09 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। आवाज स्पष्ट नहीं होने की वजह से उससे बात नहीं हो पाई। इस पर 10:20 बजे दोबारा दूसरे नंबर से मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। 24 जनवरी को कार्यालय पहुंचने पर नंबरों के बारे में जानकारी करने पर पता चला कि दोनों नंबर पर कार्यालय के कनिष्ठ मो. मोनिस से बात होती है। सदर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद