शाहजहांपुर। डेंगू का डंक जानलेवा हो चुका है। अब तक नौ लोगों की मौत डेंगू से हो चुकी है। इसके बावजूद फॉगिंग का पता लोगों को नहीं चलता है। हालत यह है कि भाजपा जिलाध्यक्ष हरीप्रकाश वर्मा ने डीएम को पत्र लिखकर फॉगिंग कराने की मांग की है। रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुई जांच में 18 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नगर निगम की ओर से जोन वार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही रोस्टर बनाया गया है, उसी के अनुसार वार्डों के मोहल्लों में जाकर फॉगिंग कराने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर हर दिन विभिन्न वार्डों में अभियान चलाकर फॉगिंग कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन यह फॉगिंग कहां हो रही है, यह कहीं पता नहीं चलता है। शहरवासियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से फॉगिंग और एंटीलार्वा के छिड़काव का दावा झूठा है।
कुछ वीआईपी इलाकों को छोड़कर कहीं भी नगर निगम की फॉगिंग मशीन नहीं दिखाई देती है। वहीं पिछले कुछ दिनों में डेंगू की वजह से नौ लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार होती मौतों को ध्यान में रखकर भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने डीएम को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा कि फॉगिंग न होने से बढ़ती डेंगू की बीमारी पर चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए, जिससे डेंगू पर नियंत्रण किया जा सके।
रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में 95 संदिग्ध मरीजों की डेंगू जांच कराई गई, जिसमें 18 लोग पॉजिटिव मिले। अब तक डेंगू के नौ मरीजों की मौत हो चुकी है। सभी मरीजों की मौत बरेली या फर्रुखाबाद के अस्पतालों में हुई है।
लगातार डेंगू के मरीज बढ़ना काफी चिंताजनक है। मच्छरजनित रोगों पर नियंत्रण के लिए फॉगिंग कराया जाना बहुत जरूरी है। इस संबंध में डीएम को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है, ताकि आम आदमी को बीमारी से निजात मिले।
हरिप्रकाश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष
फॉगिंग को लेकर लोगों की बात::::
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे फॉगिंग अभियान सिर्फ दिखावा है। मोहल्ले में अभी तक न तो फॉगिंग हुई है और न ही निगम द्वारा नालियों की साफ सफाई कराई गई है। - शोभित सक्सेना, लाला तेली बजरिया
मच्छरों से संबंधित बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन फॉगिंग होना दूर सफाई कार्य भी नियमित नहीं होता है। - लालाराम, इंदिरानगर कॉलोनी
डेंगू की वजह से हर साल तमाम लोगों की जान जाती है, इस बार भी यही हाल है। नगर निगम की ओर से फॉगिंग कहा कराई जा रही है, इसका कोई अता-पता नहीं है। - अचला, आनंदपुरम कॉलोनी
मोहल्लों में रोजाना सफाई कार्य और फॉगिंग कराने का दावा भले ही किया जा रहा हो, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। सिर्फ वीआईपी इलाकों में फॉगिंग होती है। - राहुल पाल, सुभाषनगर कॉलोनी
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सफाई, फॉगिंग और एंटीलार्वा का छिड़काव कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की सात फॉगिंग मशीनें रोजाना हर जोन में भेजी जा रही हैं। सफाई निरीक्षकों की देखरेख में सफाई और फॉगिंग होती है। एंटी लार्वा का छिड़काव भी करवाया जाता है। - संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त