निगोही (शाहजहांपुर)। निगोही थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम 50 वर्षीय महिला का शव खेत में पड़ा मिला था। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान पता चला कि खेत से एक महिला के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। उसके बाद गांव का ही रहने वाला व्यक्ति खेेत से निकलकर भागा था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
निगोही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला एक कपड़ा और दरांती लेकर घास काटने खेत पर गई थी। वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की तो महिला का शव गांव के एक खेत में मिला। महिला की टूटी चूड़ियां पास के दूसरे खेत में मिलीं। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की तो पता चला कि खेत से एक महिला की बचाओ-बचाओ की आवास आ रही थी।
ग्रामीणों ने देखा कि खेत से गांव का ही रहने वाला नेवाराम घास की पोटली लेकर निकला और दूसरे खेत में पोटली को फेंक दिया। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेवाराम को हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उस घास की पोटली को आरोपी की निशानदेही से बरामद कर लिया है। घास की पोटली महिला की बताई जा रही है।
क्योंकि जिस कपड़े में घास बंधी थी वह कपड़ा महिला घर से लेकर गई थी। पुलिस अभी तक दरांती को बरामद नहीं कर सकी है। महिला के बेटे ने थाने में तहरीर देकर गांव के रहने वाले नेवाराम पर हत्या का आरोप लगाया है। इधर देर शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट थाने नहीं पहुंच पाई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कर रही है। महिला के पति ने नेवाराम पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
20 साल पहले भी दुष्कर्म के आरोप में जा चुका है जेल
आरोपी नेवाराम की गांव के एक चौराहे पर परचून की दुकान है। उसके ऊपर करीब बीस साल पहले भी एक युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था। इसमें आरोपी जेल भी गया था। इसके अलावा उसके ऊपर मारपीट के कई मुकदमे भी दर्ज हैँ।
परिवार ने कहा दुष्कर्म के बाद की गई हत्या
परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला के साथ पहले गन्ने के खेत में दुष्कर्म के बाद हत्या की गई । वहां पर महिला की चूड़ियां भी टूटी मिली। उसके बाद शव को पास के एक धान के खेत में फेक दिया गया । जिस जगह पर शव मिला है। वहां पर धान टूटा नहीं मिला है । गांव के कुछ लोगों ने महिला की चिल्लाने की आवाजें भी सुनी थीं।
ग्रामीणों से पूछताछ की गई है। ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को खेत से निकलते देखा था। उस आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उसकी निशानदेही से महिला की घास की पोटली बरामद कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसके आधार पर एफआईआर दर्ज होगी ।
संजय कुमार, एसपी सिटी