शाहजहांपुर। जल निगम और ठेकेदारों की मनमानी से केरूगंज स्थित मुख्य बाजार के व्यापारियों व ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, तो शहर की पॉश कॉलोनी के वाशिंदे भी परेशान हैं। मुख्य बाजार और पॉश कॉलोनी दोनों ही जगह की सड़कों को पाइप लाइन डालने के नाम पर खोदकर छोड़ दिया गया है।
मोहल्ला हुंडालखेल में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी है। यहां डेढ़ महीने पहले पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। पाइप लाइन पड़ चुकी है, लेकिन सड़क ठीक नहीं की गई है। पिछले 45 दिनों से कॉलोनी के वाशिंदें मुसीबत झेल रहे है। कई बार ई-रिक्शा पलटने से महिलाएं व बच्चे चोटिल हो चुके हैं। केरूगंज स्थित मुख्य बाजार में फारुख वाली गली में भी सड़क को खोदकर पाइपलाइन डाली थी। पिछले एक महीने से सड़क खुदी हुई है, जिसकी वजह से व्यापारियों और ग्राहकों को दिक्कत हो रही है। सड़क को ठीक कराने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने निर्देश भी दिए थे, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ है। इससे जल निगम व उसके ठेकेदारों के प्रति लोगों आक्रोश पनप रहा है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से डीएम को दिया गया ज्ञापन
जल निगम व ठेकेदारों द्वारा केरुगंज ही नहीं, शहर की अन्य सड़कें भी खोदकर डाल दी हैं। इसकी वजह से क्षेत्रवासियों को परेशानी हो रही है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से इस समस्याओं को लेकर डीएम को ज्ञापन दिया है। इसमें त्योहारों से पहले केरुगंज बाजार की सड़क को शीघ्र ठीक करवाने, अन्य स्थानों पर भी पाइप लाइन डालने के तीन दिन के बाद सड़क को ठीक करोने, सक्षम अधिकारी से मॉनिटरिंग कराने, जल निगम के अधिकारी व ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम, केरूगंज मार्केट के अध्यक्ष महावीर अग्रवाल, अमित गर्ग आदि शामिल रहे।
पाइप लाइन डालने के लिए कॉलोनी की सड़कों को खोदकर डालने से सभी को परेशानी हो रही। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और छोटे बच्चों को होती है। सड़क की मरम्मत कराई जानी चाहिए। - कीर्ति गुप्ता, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी
जल निगम और उसके ठेकेदारों की मनमानी से कॉलोनी वासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पाइप लाइन डालने के बाद तुरंत ही सड़क की मरम्मत करने का प्रावधान है, जिसका पालन हो। - प्रदीप कुमार गुप्ता, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी
मुख्य बाजार की सड़क को भी खोदकर छोड़ दिया है, जोकि जल निगम तथा ठेकेदारों की मनमानी है। इस पर रोक लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को संज्ञान लेकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। - अमित गर्ग, व्यापारी, केरूगंज बाजार
केरूगंज में जल निगम के द्वारा पाइप लाइन डालवाने के लिए खोदी गई सड़क को सही कराने को डीएम के नाम ज्ञापन दिया है। उस पर शीघ्र कार्रवाई और समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। - महावीर अग्रवाल, अध्यक्ष केरूगंज बाजार
बाजारों में जल निगम को पाइप लाइन डालने से संबंधित कोई काम नहीं करने दिया जाएगा, जब तक उसकी ओर से खोदी गई सड़कों को सात दिन के अंदर ठीक कराने का शपथ पत्र नहीं दिया जाता है। - सचिन बाथम, महानगर अध्यक्ष, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
वर्जन
जलापूर्ति और सीवर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाइप लाइन डाली जा रही है। जहां कहीं भी खोदाई की जाती है, वहां सड़क ठीक करने के निर्देश ठेकेदारों को दिए हैं। फिर भी कमियां हैं, तो उन्हें ठीक करवाया जाएगा। - सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम