साइबर अपराध थाने में भ्रमण करतीं विधायक सलोना कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर पुलिस लाइन में बुधवार को साइबर थाने का शुभारंभ हो गया। थाने से साइबर अपराध की घटनाओं का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी। तिलहर से विधायक सलोना कुशवाहा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए हर जिले में साइबर थाने को खोला गया है। थाने को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। पीड़ित की ऑफलाइन व ऑनलाइन शिकायत दर्ज हो सकेंगी।
एसपी ग्रामीण मनोज अवस्थी ने बताया कि साइबर अपराध की प्राथमिकी दर्ज कर लोगों को न्याय दिला सकेंगे। थाने को कंप्यूटर, आवश्यक हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस मौके पर एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, सीओ बीएस वीर कुमार, आरआई सतीश चंद्र, एलआईयू इंस्पेक्टर सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।