शाहजहांपुर। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से दीपावली मेले का आयोजन खिरनीबाग जीआईसी खेल (रामलीला) मैदान में किया जाएगा। दिवाली मेला 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक लगेगा। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को मौके पर जाकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने बताया कि दीपावली पर लगने वाले मेले में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड के कलाकारों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। मेले में शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा मेले में स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन को झूले लगेंगे। बताया कि दीपावली मेले में शहरी समृद्वि उत्सव के साथ केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को आय का साधन अर्जित करने का मौका दिया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 30 व 31 अक्तूबर को सांस्कृतिक विभाग के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही मैजिक शो, कठपुतली शो होंगे। दीपावली मेले में शहरवासी मनोरंजन कर सकेंगे। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह भी मौजूद रहे।