फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में महिला समेत दो लोगों की हत्या

Tue, 02 Jun 2015 11:44 PM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव पैना खुर्द में सोमवार की रात 42 वर्षीय गीता की हत्या कर दी गई। बेटे पर ही उनकी हत्या का आरोप लगाया गया है, जबकि जलालाबाद के गांव पीरू में किसान अर्जुन मौर्य की अज्ञात लोगों ने गला घोटकर हत्या कर दी। गीता की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटे किशन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अर्जुन की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन


सरिया से वार कर मां को मार डाला
सिंधौली। थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव पैना खुर्द में रहने वाली 42 वर्षीय गीता की सोमवार की रात हत्या कर दी गई। गीता के पति राकेश ने बेटे किशन पर हत्या का आरोप लगाया है। राकेश की तहरीर पर किशन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। हालांकि किशन का कहना है कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है।
गांव पैना खुर्द में रहने वाले मैकूलाल करीब 20 साल पहले गीता को बंगाल से लेकर आए थे। मैकूलाल से गीता के बेटी सावित्री और बेटा किशन हुआ। मैकूलाल की मौत के बाद गीता गांव के बसंत के साथ बतौर पत्नी रहने लगी। बसंत से गीता के पांच बच्चे, बेबी, सुखदेव, मिथुन, गौरी और भावना हुए। कुछ साल पहले बसंत की भी मौत हो गई। तीन महीना पहले गीता गांव के ही राकेश की पत्नी बनकर रहने लगी। इसका किशन ने विरोध भी किया, लेकिन गीता राकेश के साथ उनके घर में रहने लगी।
विज्ञापन

राकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि सोमवार देर रात किशन ने गीता से घर में रखी शराब मांगी। गीता ने बगैर रुपये दिए शराब देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और किशन ने लोहे की सारिया से गीता के सिर पर कई वार कर दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद किशन फरार हो गया। राकेश के मुताबिक, वह गीता को अस्पताल ले जाने के लिए सवारी का इंतजाम करने लगे, लेकिन इसी दौरान गीता ने दम तोड़ दिया। राकेश की तहरीर पर पुलिस ने किशन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

झूठा आरोप लगाकर मुझे फंसाया जा रहा
पोस्टमार्टम हाउस पर मिले किशन ने बताया कि राकेश का उसके घर आना-जाना था। इसका विरोध करने पर उसकी मां गीता तीन महीना पहले राकेश के साथ उसके घर जाकर रहने लगी। किशन ने बताया कि वह लखनऊ में मजदूरी करता है। 29 मई को गांव आया था। सोमवार की रात आरसी मिशन क्षेत्र की नई बस्ती में एक शादी में था। सुबह जब गांव पहुंचा तो मां की मौत की सूचना मिली। गांव वालों ने बताया कि राकेश उसके ऊपर हत्या का आरोप लगा रहा है। इसी डर से वह गांव से भाग गया। किशन के मुताबिक राकेश आए दिन शराब पीकर उसकी मां की पिटाई करता था। सोमवार की रात राकेश ने शराब पीने के बाद उसकी मां की हत्या कर दी और रिपोर्ट उसके खिलाफ लिखा दी।

गीता को बच्चों की नहीं थी परवाह
गीता को अपने बच्चों की चिंता नहीं थी। बड़ी बेटी सावित्री और बेबी की शादी दूसरे पिता बसंत ने कर दी थी। किशन लखनऊ में मजदूरी कर रहा था, जबकि सखुदेव और गौरी अपनी बहन बेबी की ससुराल में रहते थे। एक बेटा मिथुन और भावना, गीता के साथ रहते थे।

किसान की गला घोटकर हत्या
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव पीरू में 55 वर्षीय किसान अर्जुन मौर्य की सोमवार की रात अज्ञात लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पौत्री की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कस्बे से करीब 11 किलोमीटर दूर बुधवाना रोड पर गांव दियुरा और पीरू के बीच बने मकान में अर्जुन अपनी विधवा बहू अभिलाषा, पौत्री गीतिका और पौत्र विकास के साथ रहते थे। दो दिन पहले अभिलाषा अपने पैतृक घर जौनपुर चली गईं थीं। सोमवार की रात अर्जुन पौत्री गीतिका और विकास के साथ तरबूज के खेत की रखवाली करने पहुंचे थे। कुछ देर बाद अर्जुन किसी काम से गीतिका से घर जाने की बात कहकर चले गए। इंतजार करते-करते गीतिका और विकास खेत में झोपड़ी के अंदर चारपाई पर सो गए। सुबह आंख खुलने पर दादा को खेत पर नहीं देखकर गीतिका और विकास घर पहुंचे। घर के अंदर अर्जुन नहीं दिखाई दिए तो दोनों ने छत पर जाकर देखा। छत पर अर्जुन को मृत पड़ा देखकर दोनों चीख पड़े। अर्जुन के गले में गमछा लिपटा हुआ था। अर्जुन की गमछे से गला घोटकर हत्या की गई थी। दोनों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना मिलने पर सीओ आदेश कुमार त्यागी और एसएसआई विपिन मौर्य घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने गीतिका और विकास के बयान लिए। ग्रामीणों से पूछताछ में भी पुलिस के हाथ हत्या का कोई सुराग नहीं लगा। गीतिका की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जौनपुर के रहने वाले थे अर्जुन
अर्जुन मौर्य मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे। पांच साल पहले गांव चमरपुर कलां में रहने वाले अर्जुन के एक रिश्तेदार ने उन्हें तीन एकड़ जमीन खदीरवा दी थी। अर्जुन के दो लड़कों में से एक की मौत हो गई। उसकी पत्नी अभिलाषा औैैैर बेटी गीतिका, बेटा विकास अर्जुन के साथ रहते थे, जबकि दूसरा बेटा जौनपुर में ही रहता है। दो दिन पहले ही किसी काम से अभिलाषा जौनपुर गईं थीं।

पुलिस को जमीन के विवाद का शक
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के बीच चल रही चर्चाओं को मानें तो अर्जुन ने जो जमीन खरीदी थी, उसके एक हिस्से को लेकर उनका किसी से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। इस मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची थी। इस घटना के संबंध में पुलिस कुछ भी कहने से इनकार कर रही है।

राकेश की तहरीर पर गीता के बेटे किशन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अगर मामला झूठे आरोप का सामने आ रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। जलालाबाद के गांव पीरू में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की तफ्तीश की जा रही है कि अर्जुन की किसने हत्या की।
विज्ञापन

-बबलू कुमार, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें