बंडा के गांव नबीनगर निवासी शिवकुमार की 30 वर्षीय पत्नी चंद्रावती की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव मंगलवार सुबह घर के छप्पर में लटकता पाया गया। इसके बाद घर के लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
शिवकुमार की शादी सात वर्ष पूर्व गांव मुड़िया छावन की चंद्रावती से हुई थी। उसके चार वर्ष का सचिन और दो वर्ष का पुत्र नितिन है। चंद्रावती का पति शराबी किस्म का है, जिस कारण दंपति में आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था। मंगलवार सुबह चंद्रावती का शव घर के छप्पर में लटकता देख परिवार में हड़कंप मच गया। शोर होने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो शिवकुमार ने बताया कि पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद परिवार के लोग मौके से खिसक लिए। सूचना पाकर मृतका के मायके के तमाम लोग मौके पर पहुंचे और शिवकुमार पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सीओ उमेश शर्मा और एसओ रजी अहमद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद मृतका का पति और घर के लोग भी आ पहुंचे। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर दिन भर पंचायत चलती रही। शाम को मृतका के दोनों बच्चों के नाम जमीन आदि कराने की बात तय होने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने रिपोर्ट नहीं दर्ज कराने का फैसला किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा हे। एसओ रजी अहमद ने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इस मामले को कोई तहरीर नहीं दिए जाने और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।