नेशनल हाईवे पर सोमवार को वैन और जाइलो गाड़ी की भिड़ंत में 50 वर्षीय बिटोली देवी की मौत हो गई, जबकि वैन में सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर पांच लोगाें को बरेली रेफर कर दिया गया। वहीं थाना कांट क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर 27 वर्षीय ऋषिपाल उर्फ छन्नू की मौत हो गई।
लखीमपुर के मैगलगंज क्षेत्र के गांव लिधियाई निवासी विमलेश कुमार दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। आठ जुलाई को विमलेश के छोटे बेटे का अन्नप्रासन था। इसी के चलते विमलेश वैन से परिवार को लेेकर आ रहे थे। वैन में विमलेश की पत्नी शीला देवी, दो बच्चे, छोटा भाई राजकरन और उसकी पत्नी रूपा, बहन छोटी बिटिया और उनके दो बच्चे, छोटा भाई हरिशंकर और मां 50 वर्षीय बिटोली देवी सवार थीं। नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ पर वैन की सामने से आ रही तेज रफ्तार जाइलो से भिड़ंत हो गई। पुलिस ने घायलों को वैन से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बिटोली को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विमलेश, हरिशंकर, राजकरन, छोटी बिटिया और रूपा को बरेली रेफर कर दिया गया।
उधर, थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव बादशाह नगर निवासी भग्गू लाल के बेटा 27 वर्षीय ऋषिपाल उर्फ छन्नू सोमवार को कांट क्षेत्र के गांव मिल्किया में अपनी बहन की ससुराल आया था। वहां से बहनोई के छोटे भाई लालमुनी के साथ कांट बाजार घूमने आया था। बाजार से घर वापस लौटते समय जलालाबाद रोड पर पीके धर्मकांटा के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने ऋषिपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर लालमुनी को बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।