थाना सदर बाजार पुलिस ने सोमवार तड़के गश्त के दौरान सरगना सहित तीन चोरों को गिरफ्तार कर शहर की दो वारदातों का खुलासा किया है। चोरों से चोरी का माल भी बरामद हुआ है।
एएसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि सदर बाजार थाना इंस्पेक्टर केके तिवारी पुलिस टीम के साथ सोमवार तड़के लगभग सवा छह बजे इस्लामिया तिराहे के पास से मोहल्ला बहादुरपुरा निवासी आकाश उर्फ बाबा , अभिजीत उर्फ विक्की और गौतम उर्फ खट्टे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने 20 अप्रैल की रात सदर बाजार क्षेत्र में मोहित गुप्ता की पैप्सी की दुकान से 60 हजार रुपये की नगदी व सात मोबाइल चोरी करने तथा 30 मार्च की रात शहबाजनगर रोड पर बालाजी मंदिर से 1500 रुपये चोरी करने की बात कबूल कर ली। तीनों से मोहित की दुकान से हुई नगदी की चोरी में से दस हजार चार सौ रुपये और सात मोबाइल व बालाजी मंदिर से चोरी गए 1500 रुपये भी बरामद हुए हैं। एएसपी सिटी ने दो वारदातों का खुलासा करने वाली सदर पुलिस टीम की प्रशंसा की है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
00
नौकर ने की थी मुखबिरी
एएसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि पकड़े गए लोगों में आकाश मोहित की दुकान पर नौकर है। जबकि अभिजीत चार साल पहले नौकरी करता था। आकाश ने ही साथियों को बताया कि दुकान में रोशनदान की खिड़की गली हुई है। यहीं से यह तीनों लोग चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल हो गए।