कोर्ट के आदेश पर महिला समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट
बेरोजगार को इटली में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला ने बेरोजगार से तीन लाख रुपये ठग लिए। काफी समय तक उसे विदेश नहीं भेजा गया तो उसने महिला से रुपये वापस मांगे। इस पर महिला ने उसे छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी दी। तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। इतना ही नहीं जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला को नामजद करते हुए उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गांव अजीजपुर नौगवां निवासी हरप्रीत सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह का कहना है कि नगर के मोहल्ला दातागंज निवासी गीता शर्मा पुत्री प्रेम प्रकाश शर्मा से उसकी मुलाकात हुई। गीता ने उससे कहा कि वह बेरोजगारों को विदेश भेजकर उनकी नौकरी लगवाती है। हरप्रीत उसके झांसे में आ गया। उसने गीता शर्मा से खुद के विदेश में नौकरी करने की बात की। इस पर गीता ने उसे इटली भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए सात लाख रुपये खर्च की बात कही। 23 सिंतबर 2016 तक उसने गीता शर्मा को तीन लाख रुपये दिए। काफी समय तक जब उसे विदेश नहीं भेजा तो उसने वकील के जरिए गीता शर्मा को नोटिस भेजकर रुपये वापस मांगे। 25 अगस्त 2017 को वह गीता शर्मा से मिला तो उसने छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान तीन अन्य लोग भी आ गए। इन लोगों ने उससे मारपीट की। जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर हरप्रीत ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने गीता शर्मा और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।