पानीपत (हरियाणा) की क्राइम ब्रांच नारायण स्वामी ने पूछताछ के लिए आई थी। यहां थाना सदर बाजार क्षेत्र के सनौली खुर्द इलाके में 13 अप्रैल 2015 को आसाराम के बेटे नारायण साईं पर रेप के आरोप के मामले के गवाह महेंद्र चावला पर जानलेवा हमला हुआ। क्राइम ब्रांच इस मामले में नारायण पांडेय से पूछताछ करने आई थी। महेंद्र चावला के बताए हुलिए से नारायण पांडेय मेल नहीं खा रहा था।
पानीपत की एक महिला ने आसाराम के बेटे नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाया था। इस मामले में महेंद्र चावला गवाह थे। 15 अप्रैल 2015 को महेंद्र चावला पर उसके घर के बाहर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। हमलावर एक बाइक पर सवार दो युवक थे। महेंद्र चावला ने हमलावरों को पहचान लिया था। इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसकी विवेचना पानीपत क्राइम ब्रांच टीम के एसआई छबिल सिंह कर रहे हैं। नारायण के गिरफ्तार होने की सूचना पर छबिल सिंह शनिवार को टीम के साथ पानीपत से हरियाणा पहुंचे थे। उन्होंने सदर थाना सदर बाजार में कागजी कार्रवाई करने के बाद नारायण से पूछताछ की। टीम ने मोबाइल से नारायण का फोटो खींचकर महेंद्र चावला को व्हाट्सअप पर पानीपत भेजा। वहां से महेंद्र चावला ने बताया कि उन पर हमला करने वाला व्यक्ति वह नहीं है, तो पानीपत की क्राइम ब्रांच टीम कागजी कार्रवाई करके वापस चली गई।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने भी टटोला
शाहजहांपुर। आसाराम दुराचार प्रकरण में गवाह अखिल गुप्ता की हत्या के मामले में वहां से आई पुलिस टीम ने भी नारायण पांडेय से पूछताछ की। साथ ही यहां कृपाल के मर्डर का प्वाइंट देखा और जरूरी इनपुट जुटाए। राजस्थान पुलिस और अहमदाबाद पुलिस ने भी शाहजहांपुर पुलिस से अपने-अपने यहां चल रहे मामलों के संबंधी शनिवार को जेल भेजे गए अभियुक्त से मिली जानकारियों का ब्योरा शाहजहांपुर पुलिस से लिया।
असली हत्यारे पकड़े जाने पर मिलेगी तसल्ली
कृपाल की पत्नी नीरज ने कहा कि वह नारायण के बारे में नहीं जानती। अगर नारायण उसके पति की हत्या की साजिश में शामिल है तो उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन उसे तसल्ली तब मिलेगी जब उसके पति को गोली मारने वाला गिरफ्तार किया जाएगा।
कृपाल की मौत के बाद उसके घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। पत्नी नीरज अपने परिवार के साथ गमजदा बैठी हुई। नीरज के पिता शिवपाल ने आशंका जताते हुए कहा कि उन्हें डर है कि कहीं उनकी बेटी कोई गलत कदम नहीं उठा ले। नीरज ने कहा कि तसल्ली तब मिलेगी जब उसके पति को गोली मारने वाले पकड़ जाएंगे। नीरज ने कहा कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसके परिवार की माली हालत बहुत खराब है। पति के इलाज में करीब एक लाख रुपये कर्ज हो गया था। पति की मौत के बाद से कर्जा बढ़ता ही जा रहा है। नीरज से सोमवार से धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।