सेहरामऊ दक्षिणी। बुधवार की दोपहर बाद घर से खेतों में घास लेने गई वृद्धा की गर्दन कटी लाश गांव से आधा किमी दूर स्थित तालाब के किनारे पड़ी मिली। पति की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के गांव उटहा निवासी शंकर लाल वर्मा की 60 वर्षीय पत्नी सेती देवी बुधवार दोपहर बाद घर से घास लेने गांव के उत्तर दिशा में स्थित अपने खेतों की तरफ गई थीं। वहां खेत से पहले तालाब के पास किसी ने सेती देवी की गर्दन काटकर हत्या कर दी। वहीं खेतों की तरफ आने जाने वाले लोगों ने सेती देवी की लाश पड़ी देख कर उसके घर पर सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया। मजदूरी करने गए पति शंकर लाल भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तथा थाने पर सूचना दी। सीओ सदर अखिलेश कुमार और एसओ वीरेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे। पड़ताल में सामने आया कि शंकर लाल का किसी से भी झगड़ा नहीं है। ऐेसे में डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। खोजी कुतिया लूसी थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव कनेंग निवासी अमर पाल के घर तक गई। पुलिस दोनों गांवों में लोगों से पूछताछ कर रही है और रात तक हत्यारे के बारे में कोई ठोस सुराग पुलिस को नहीं लग पाया है। मृतका अपने पीछे पति तथा दो शादीशुदा पुत्रियों एवं एक विवाह योग्य पुत्री छोड़ गई है।