यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाला गिरफ्तार
जीआरपी ने बुकिंग विंडों के पास शनिवार को जहरखुरानी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके पास से नशीली गोलियां और पाउडर बरामद हुआ है। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ आसपास के जनपदों में एक दर्जन से अधिक लूट चोरी आदि के मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी एसओ जयशंकर सिंह ने बताया कि थाना तिलहर क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी श्रीकांत शुक्ला पुत्र रामप्रशाद शुक्ला पिछले तीन साल से जीआरपी और आरपीएफ के लिए सिर दर्द बना हुआ है। उसके खिलाफ लखनऊ के चारबाग, हरदोई, लमीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में एक दर्जन से अधिक लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पिछले कुछ समय से श्रीकांत जहरखुरानी का काम करने लगा था। दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों की जरनल बोगियों में बिहार के कम पढ़े लिखे लोगों को शिकार बनाया करता था। यात्रियों को अपनी बातों में फंसाकर श्रीकांत उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया करता था। 19 जून 2015 को बिहार के सत्यनारायण बरेली स्टेशन पर खाना खाने के लिए पानी लेने गया था। इसी बीच श्रीकांत ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया था। उसके नशे में होने के बाद श्रीकांत ने उसका सामान लूट लिया था और शाहजहांपुर में उतर गया था। जीआरपी काफी दिनों से उसकी तलाश में लगी हुई थी।