बिलरिया गांव के समीप तीन सशस्त्र बदमाशों ने तमंचे के बल पर पालिका ठेकेदार से 90 हजार की नगदी सहित अंगूठी, सोने की चेन सहित करीब एक लाख का पहना हुआ जेवर लूट ले गए। धमकाने के लिए बदमाशों ने फायरिंग भी की। पिछले तीन माह में इस स्थान पर लूट की यह तीसरी घटना से क्षेत्र में दहशत है। थाना क्षेत्र के दियूरिया निवासी शबील खां पुत्र कदीर खां पालिका परिषद में राजकीय ठेकेदार हैं। शबील ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे वह अपने मेठ शंकर के साथ लेवरों और ईट का भुगतान करने जा रहा था। शबील खां के अनुसार रोजा क्षेत्र के बिलरिया गांव के समीप वह लघुशंका के लिए सड़क के किनारे बाग में रूका, तभी झाड़ियों से तीन बदमाश असलाहे लेकर आ गए उसकी कनपटी पर तमंचा लगाते हुए उसकी जेब में रखी 90 हजार की नगदी, हाथों से सोने की अंगूठी और गले सोने की चेन लूट ली। विरोध किया तो एक बदमाश ने हवाई फायरिंग भी की । लूटे पिटे शबील खां के साथ शंकर ने बिलरिया गांव की ओर भाग रहे बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह गांव के अंदर जाकर रफूचक्कर हो गए। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस ने कांबिग की। कई संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है। इस मामले में तहरीर दी गई। रिपोर्ट लिखने की प्रक्रिया जारी है।
किसी घटना का खुलासा नहीं कर सकी पुलिस
पिछले तीन माह में बिलरिया गांव के समीप लूट की यह तीसरी घटना है, जिसमें किसी का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। करीब तीन माह पहले आरसी मिशन क्षेत्र की एक महिला को बदमाशों ने लूटपाट कर लहूलुहान कर दिया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। हाल में पांच दिन पहले मोहम्मदी क्षेत्र की एक दंपति को इसी क्षेत्र में लूटा गया। बृहस्पतिवार की इस घटना से लोग सकते में है। इन सभी घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है।