कोतवाली क्षेत्र में कांट रोड पर सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली साउथ सिटी में शनिवार की रात चोरों ने तीन घरों में खड़े जनरेटरों के अल्टीनेटर खोल लिए और एक घर से बैट्री खोल ली। चोरी की इस घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत है। चोरी की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है।
कॉलोनी में रहने वाले रसोई गैस संचालक शिवनारायन खन्ना, व्यापारी प्रशांत टंडन, फ्लोर मिल एक्सपर्ट सुरेश सिंह की घर की लॉबी में खड़े जनरेटरों से चोरों ने अल्टीनेटर खोल लिए। वहीं, संजय पाठक के घर के बाहर रखे इंवर्टर की बैट्री खोल ली। रविवार की सुबह प्रशांत टंडन अपने जनरेटर का अल्टीनेटर खुला देखा तो आसपास के लोगों को बताया, तब पता चला की तीन जगह और चोरी हो गई। चोरी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद कॉलोनी वासी सुरक्षा को लेकर पुलिस के साथ एक मीटिंग करने जा रहे हैं।
दो घरों से नगदी सहित पांच लाख की संपत्ति चोरी
खुटार। शनिवार की रात चोरों ने दो घरों से 75 हजार की नगदी सहित लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज नहीं करने से गांव के लोगों में रोष है।
क्षेत्र के गांव सिल्हुआ निवासी संजय मिश्रा शनिवार रात अपने परिवार सहित घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी बीच चोर दीवार के सहारे उनके घर में घुस आए और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी 45 हजार की नगदी, सोने का हार, दो मंगलसूत्र, दो लाकेट, तीन अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कंगन सहित करीब तीन लाख कीमत के जेवर उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही रामकेशन के घर को निशाना बनाया। चोरों ने उनके यहां कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे उनके भाई नेवाराम के 30 हजार रुपये, सोने की एक लर, दो जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पायल, चांदी की एक लर सहित तमाम जेवर चुरा लिए। परिवार के लोग पास के दूसरे कमरे में सोते रहे।
सुबह जागने पर कमरे का ताला टूटा देख और सामान बिखरा पड़ा देख चोरी की जानकारी हुई तो दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग भी मौके पर पहुंचे और गांव के आसपास तलाश शुरू की। बंडा-खुटार मार्ग पर गांव सौंफरी के पास बाबा अमरनाथ बरफानी राइस मिल के पीछे एक खाली बैग और एक खाली लेडीज पर्स पड़ा मिला। इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचे और तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए दोनों पीड़ितों को थाने से टरका दिया। एसओ जसवीर सिंह बताया की मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।