नगर पालिका कार्यालय के निकट लगी नुमाइश देखने गए एक युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने युवक को घर जाते समय गोली मार कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर दोनों में से कोई पक्ष नहीं मिल सका। देर रात घायल युवक सचिन कुमार उर्फ नन्हें पुत्र अरुण कुमार सिंह निवासी मौजमपुर को घायल अवस्था में सीएचसी लाया गया। जिसे बाद में शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल के ममेरे भाई जितेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई सचिन उर्फ नन्हें घरवालों के साथ नुमाइश देखने गया था जब वह लौट रहा था तो कुंवरगंज निवासी गोविंदा पुत्र बच्चू अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उस पर टूट पड़ा और उसके गोली मार दी जो कि उसके पैर में लगी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सका है।