शहर मेें पिछले कुछ महीनों में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के दो सदस्यों को थाना आरसी मिशन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। बदमाशों के पास एक बाइक, दो तमंचा, तीन कारतूस और दो खोखे और लूटी हुई नगदी भी बरामद हुई है।
एएसपी सिटी राजेश कुमार बताया कि शहर में लूट की तीन घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह को थाना आरसी मिशन पुलिस ने बुधवार की सुबह हरदोई रोड से रिफाकत खां के कोल्ड स्टोरेज के पास से मुठभेड़ दौरान शाहबाद (हरदोई) क्षेत्र के गांव उधरनपुर निवासी रानू उर्फ अनुपम अग्निहोत्री और इसी क्षेत्र के गांव भूड़ा निवासी गौरव त्रिवेदी को एक बाइक, दो तमंचा, तीन कारतूस और दो खोखे के साथ गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान इनके दो साथी उधरपुर निवासी राजीव मिश्रा और पुवायां मोहल्ला छावनी निवासी रिंकू पांडेय भागने में कामयाब रहे। पूछताछ में दोनों ने क्षेत्र में मोहल्ला सरायकाइंया निवासी गल्ला व्यापारी ओमप्रकाश वर्मा से 28 मई को सवा लाख रुपये लूटने, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बंगश निवासी शबाना से मिशन तिराहा के पास 50 हजार रुपये और 29 मई को थाना सदर बाजार क्षेत्र में मालगोदाम के पास से सुभाष नगर कॉलोनी निवासी सूर्य प्रकाश चावला से 20 हजार रुपये लूटने की बात कबूल की। दोनों ने गांव उधरपुर क्षेत्र जिंद बाबा मजार पास से बीस हजार रुपये और लूटा हुआ बैग बरामद कराया। दोनों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान फरार होने वाला उनका साथी राजीव गैंग का सरगना है और साथ में भागने वाला उसका बहनोई रिंकू पांडेय है। बताया कि चारों लोग मिलकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में लूट की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस राजीव और रिंकू की तलाश में दबिश दे रही है।