रविवार की रात खुटार रेंज के रायपुर क्षेत्र के जंगल से काटकर पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र में ले जाई जा रही सागौन से भरी पिकअप गाड़ी को गोला बाईपास पर वनकर्मियों ने पकड़ लिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद वनकर्मियों ने उसे बिना कार्रवाई किए ही छोड़ दिया।
रविवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे मुखबिर ने सूचना दी कि जंगल से सागौन की लकड़ी काटकर पिकअप गाड़ी से बाहर ले जाई जा रही है। इस पर कुछ वनकर्मियों ने गोला बाईपास पर घेराबंदी करते हुए चंदी ईंट भट्ठे के पास गाड़ी पकड़ ली। मामले की जानकारी मिलने पर अन्य वनकर्मी भी मौके पर पहुंचे और मामले को रफादफा करने का प्रयास किया जाने लगा। कई घंटे तक चली बातचीत के बाद गाड़ी को मय लकड़ी के छोड़ दिया गया। इस संबंध में वन रक्षक कामता प्रसाद वर्मा से बात की गई तो उनका कहना था कि वनकर्मियों की ओर से कोई गाड़ी नहीं पकड़ी गई है। हो सकता है पुलिस ने गाड़ी को पकड़ा हो।
मामले की जांच होगी
मैं इस समय रेंज से बाहर हूं। अगर जंगल से काटकर बाहर ले जाई जा रही लकड़ी लदी गाड़ी वनकर्मियों ने पकड़कर छोड़ी गई है तो मामले की जांच कराई जाएगी। अगर कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी।
-एसएन यादव, रेंजर खुटार