कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कालोनी में चेकिंग के दौरान पीसीएफ (प्रादेशिक कॉपरेटिव फेडरेशन) के जिला प्रबंधक विपिन कुमार यादव को एक देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। उनके साथ दो अन्य लोग भी थे। तीनों के खिलाफ धारा 3/25 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक रात करीब 12.30 बजे चेकिंग के दौरान आवास विकास में गोल चक्कर के पास एक होंडा अमेजन कार में तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। कार रोककर चेकिंग की गई तो कार के डेस बोर्ड पर एक पिस्टल मिला, लेकिन उसके कागजात किसी के पास नहीं थे। पिस्टल की मैगजीन में चार कारतूस थे। पूछताछ में सवार लोगों ने अपना नाम विपिन कुमार यादव निवासी जसवंत नगर इटावा, यहीं के रोहित और मनोज कुमार निवासी बंगला गंगराम थाना करहल जिला मैनपुरी बताया। पुलिस ने तीनों को थाने ले आई और तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पता लगा कि विपिन कुमार यादव पीसीएफ के जिला प्रबंधक हैं और वह शाहजहांपुर में ही तैनात हैं। वहीं उनके साथी मनोज गोदाम निरीक्षक और तीसरा आरोपी रोहित जिला प्रबंधक विपिन कुमार का रिश्तेदार है। तीनों की गिरफ्तारी के सूचना के बाद इटावा से नेताओं के फोन आना शुरू हो गए। मामला दर्ज होने के बाद दबाव पड़ने के बाद भी कोतवाली पुलिस कुछ कर नहीं पाई। कोतवाली पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर आरएन चौधरी ने बताया कि तीनों को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। उनके पास एक देशी पिस्टल बरामद हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।