ठगों के झांसे में आकर रकम गवां रहे लोग
एक व्यक्ति से बैंक अधिकारी बनकर एटीएम का पासवर्ड पूछने के बाद ठगों ने उसके खाते से लगभग साढ़े पांच हजार रुपये की राशि निकाल ली। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद राशि निकाले जाने का पता चल सका। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।
पुवायां निवासी रूपराम ने बताया कि बुधवार को उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए एटीएम कार्ड का सत्यापन किए जाने की बात कहते हुए कार्ड पर दर्ज 16 अंक पूछ लिए। इसके बाद रूपराम से एटीएम का पासवर्ड भी पूछा गया। पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ठग ने उसके खाते में जमा 5496 रुपये की राशि निकाल ली। रुपये निकाले जाने का मैसेज मोबाइल पर आया तो रूपराम को ठगे जाने का पता चला। बताते चलें कि एटीएम का पासवर्ड आदि पूछकर ठग रोजाना ही लोगों के खातों से रकम उड़ा रहे हैं। बैंक की ओर से जागरूक किए जाने के बाद भी लोग ठगों के झांसे में फंस रहे हैं।