बंथरा डिपो पर इंडियन ऑयल के टैंकर का लॉक तोड़कर तेल निकालने का प्रतिरोध करने पर दबंगों ने लाठी-डंडों और लात घूसों से टैंकर चालकों की जमकर पिटाई कर दी। चालकों ने कोतवाली में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा चालकों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर के अनुसार खीरी जिले के गांव रायपुर तिकुनिया निवासी राम रतन पुत्र बाबूराम तिवारी फिलिंग स्टेशन गजरौला पीलीभीत तथा उसका भाई रामसरन केके सोनकर नेकपुर बरेली के टैंकर लेकर डिपो पहुंचा। उसी समय तिलहर क्षेत्र के गांव दलेलापुर निवासी रामू, वीरू और राजेश टैंकर का ताला तोड़कर जबरन तेल निकालने लगे। जब चालकों ने इसका प्रतिरोध किया तो इन लोगों ने लाठी डंडे और लात घूसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। चालकों ने कोतवाली पहुंच कर तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की है। राम रतन पूरनपुर के एक पूर्व मंत्री का टैंकर चलाता है।
कोतवाल की छापेमारी से मचा हड़कंप
सूचना मिलने पर कोतवाल रूम सिंह यादव ने छापा मारा तो बंथरा डिपो पर भगदड़ मच गई। तेल माफिया और असामाजिक तत्व भाग खडे़ हुए। कोतवाल ने बताया कि इस दौरान उन्होंने एक टैंकर से एक ग्रामीण को तेल निकालने की कोशिश करते देखा। जब पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो वह भाग निकला। एक अन्य टैंकर के चालक नरेश की भी तेल टैंकर से निकलवाने में संलिप्तता पाई गई।
माफिया या गुंडों से डरने की जरूरत नहीं है। यदि कोई जोर जबरदस्ती या मारपीट करता है या जबरन तेल लूटने की कोशिश करता है तो वे इस 9454404224 नंबर पर मुझे सूचित करें।
- रूम सिंह यादव, कोतवाल तिलहर