कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार रात दो युवकों ने छात्राओं के सामने वार्डन के साथ जमकर गाली गलौज किया। वार्डन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को जैसे तैसे काबू करके हिरासत में ले लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल में पुलिस तैनात कर दी गई है।
रविवार रात करीब आठ बजे बॉ स्कूल की वार्डन जब छात्राओं को भोजन वितरण करवा रही थीं इसी समय कस्बे के दो युवक पहुंच गये और बच्चों को समय से खाना नहीं देने का आरोप लगाते हुए वार्डन अर्चना मिश्रा के साथ गाली गलौज करने लगे। युवकों की इस करतूत को देखकर वार्डन ने थाने सूचना दी। थाने से एचसीपी यदुनाथ सिंह और राधेश्याम यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन यह युवक उनके काबू में नहीं आये। पुलिस कर्मियों की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रभुकांत ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़कर स्कूल में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात कर दी है।
इंचार्ज वार्डन अर्चना मिश्रा ने बताया कि पूर्व वार्डन की तमाम अनियमितताओं के तहत हटा दिया गया था। उन्हीं के करीबी लोग आए दिन स्कूल में आकर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। शुक्रवार को हटाई गईं वार्डन यहां आयीं थीं और उक्त युवकों को उकसा कर उन्हें जानमाल का नुकसान पहुंचाना चाहतीं हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है।