पत्रकार जगेंद्र सिंह के पुत्र राजवेंद्र सिंह उर्फ राजन और पुष्पेंद्र सिंह उर्फ राहुल अपने परिवार के करीबी अवनीश मिश्र सहित भूमिगत हो गए हैं। तीनों लोगों के मोबाइल भी बंद हैं। बृहस्पतिवार को एक बार अवनीश का मोबाइल चालू हुआ तो उन्होंने बताया कि जान का खतरा होने के कारण उन्होंने जिला छोड़ दिया है। जगेंद्र के बेटे कहां हैं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
गौरतलब है कि जगेंद्र के पिता सुमेर सिंह और पुत्र राहुल का आरोप है कि एमएलसी जयेश प्रसाद के माध्यम से लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उनके परिवार पर राजीनामा करने, राज्यमंत्री पर लगाए आरोप वापस लेने, सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। तीन दिन पूर्व कुछ लोग उनकी रिश्तेदारी गांव खिरिया जाकर समझौते का दबाव बना चुके हैं। सत्तापक्ष के नेताओं के साथ ही पुलिस और प्रशासन के कुछ अधिकारी भी राजीनामे का दबाव डाल रहे हैं। इससे वे भयभीत हैं।
बुधवार को सुमेर सिंह ने प्रधानमंत्री, राज्यपाल सहित कई अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा था कि यदि धमकियां नहीं रुकीं तो वह लोग उत्तर प्रदेश से भी पलायन करने पर विवश होंगे। इसके बाद बुधवार रात जगेंद्र के दोनों पुत्रों और अवनीश के भूमिगत होने की चर्चा है।
जगेंद्र की पत्नी सुमन सिंह से सुबह इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि राहुल और राजन कहां हैं, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। दोपहर बाद घर पर मिले जगेंद्र के पिता सुमेर सिंह ने बताया कि उनके दोनों पौत्र घर पर ही हैं। राजीनामे की धमकी के कारण खतरा होने पर दोनों को घर से निकलने और किसी से मिलने को मना कर दिया गया है।
तीन नए सिम खरीदने की चर्चा
खुटार। चर्चा है कि जगेंद्र सिंह के पुत्रों ने बुधवार को तीन नए सिम खरीदे थे। समझा जाता है कि राजीनामे के बढ़ते दबाव के चलते राहुल और राजन खुद ही कहीं चले गए हैं और नए सिम के माध्यम से परिवार वालों के संपर्क में हैं। चर्चा है कि अवनीश मिश्र भी दोनों के साथ हैं। हालांकि घर वाले इस संबंध में कुछ भी नहीं बता रहे हैं।