बृहस्पतिवार को सुबह मोहर्रम जुलूस के दौरान कोतवाली के दरोगा अनवर खलील और नगर के उद्योगपति पूर्व ब्लाक प्रमुख शकील खां के बीच हुई कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि जुलूस में शामिल लोगों ने ताजिया सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। भीड़ ने फर्रुखाबाद-मीरानपुर कटरा स्टेट हाइवे पर यातायात रोक दिया। उन्होंने दरोगा पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम एसपी सिंह ने मोबाइल पर एसपी से वार्ता के बाद दारोगा को लाइन हाजिर करने की जानकारी दी तो भीड़ शांत हुई। इसके बाद जुलूस आगे बढ़ा।
नगर तथा आसपास गांवों से आने वाले ताजिये जुलूस के रूप में याकूबपुर पड़ाव स्थित करबला में दफनाने के लिए ले जाए जा रहे थे। इसी बीच कार से जुलूस में शामिल होने के लिए पूर्व ब्लाक प्रमुख शकील खां वहां पहुंचे तो दरोगा अनवर खलील ने उन्हें रोक दिया। इस पर शकील ने कहा कि वह जुलूस के साथ हैं और ताजिया दफनाने का काम जल्द पूरा कराने के लिए ही आए हैं लेकिन दरोगा ने उनकी एक न सुनी। आरोप है कि दरोगा उनसे अभद्रता करने लगा। इससे जुलूस में शामिल लोग भड़क गए और ताजिये हाईवे पर रखकर बैठ गए। कुछ ही देर में यह बात आसपास के गांवों में फैली तो बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने दरोगा को वहां से हटा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने एसपी से वार्ता कर दरोगा अनवर खलील को लाइन हाजिर कर तत्काल रिलीव कर देने की जानकारी दी तो धरने पर बैठे लोगों ने जाम खोल दिया।