कोतवाली क्षेत्र केरूगंज चौराहा के पास बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े ठगों ने महिला को बातों में फंसाकर जेवर और नगदी लूट ली। पीड़िता ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती रेती में रहने वाले अवनीश पाठक की पत्नी नीरज पाठक बृहस्पतिवार को यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की केरूगंज शाखा से रुपये निकालने आई थी। बैंक से रुपये निकालकर वह वापस जा रहीं थीं, तभी केरूगंज चौराहा के पास दो व्यक्ति उनके पास आए और कहा कि पूर्णागिरी जा रहे हैं, धूपबत्ती के लिए दस रुपये दे दो। नीरज ने पर्स से निकालकर 10 रुपये दिए, तभी उसमें से एक व्यक्ति ने कहा कि रुपये उसके थैले में डाल दो। रुपये थैले में डालते ही नीरज अपनी सुधबुध खो बैठीं। ठग ने नीरज से कहा कि अपने जेवर उतारकर पर्स में रख लो, यहां लुटेरे बहुत हैं। इस पर नीरज ने सोने की चेन, झुमकी, पायल, मंगलसूत्र उतारकर अपने पर्स में रख लिए। इसके बाद ठग ने नीरज से कहा कि आप की सारी परेशानी दूर हो जाएगी। पर्स को जमीन पर रखकर बिना पीछे मुड़े 11 कदम आगे चलो सारी परेशानी दूर हो जाएगी। उसकी बात मानकर नीरज पर्स जमीन पर रखकर 11 कदम आगे गई और पर्स उठाने के लिए पीछे आई तो वह गायब था। ठग पर्स लेकर फरार हो गए था। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि उनको घटना की कोई जानकारी नहीं है और न ही इस मामले में कोई तहरीर आई है।