बंडा थाने में ड्यूटी करने जा रहे होमागर्ड की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का मानना है कि होमगार्ड की स्वाभाविक मौत हुई है।
गांव हेतम नगला निवासी होमगार्ड 45 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद शनिवार शाम साइकिल से ड्यूटी करने के लिए बंडा थाने जा रहे थे। वह अचानक रास्ते में गिर पड़े। राहगीरों ने होमगार्ड को बेहोशी की हालत में पड़ा देख पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और राजेंद्र को बंडा के सरकारी अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेंद्र प्रसाद की मौत की जानकारी घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते सरकारी अस्पताल पहुंचे। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद राजेंद्र प्रसाद की मौत की सही वजह पता लग सकेगी। राजेंद्र की मौत स्वाभाविक लग रही है। परिवार के लोगों ने राजेंद्र की मौत के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।