बाजीगरी का तमाशा दिखाने वाले दो लोगों ने नगर के एक दुकानदार को एक लाख रुपये का नकली सोना बेच दिया। दो दिन बाद जांच में सोना नकली पाए जाने से दुकानदार को ठगी का एहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए हैं। व्यापारी ठगों की तलाश करने में लगा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
नगर की मेन मार्केट में एक मोबाइल दुकानदार के पास दो दिन पूर्व दो बाजीगर पहुंचे और सोना बेचने की बात कही। व्यापारी ने एक सराफा व्यापारी से सोने की जांच कराई तो सोना असली बताया। इस पर मोबाइल व्यापारी ने एक लाख में सौदा तय कर लिया। बाजीगर व्यापारी को सोना देकर एक लाख रुपये नगद लेकर चले गए। शुक्रवार को जांच करने पर सोना नकली होने की जानकारी मिली तो व्यापारी के होश उड़ गए। दूसरे व्यापारी से भी जांच कराई गई तो उसने भी सोने को नकली बता दिया। इसके बाद व्यापारी बाजीगरों की तलाश करने में जुट गया है। व्यापारी का कहना है कि ठगों ने उनके ऊपर नजरबंदी कर दी थी जिस कारण वह सोने की पहचान नहीं कर पाया और ठगी का शिकार हो गया। मामले की नगर में व्यापक चर्चा है। पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।