शुक्रवार सुबह गार्गी पेट्रोल पंप ततियारी के टैंक में सफेद केरोसिन और फिल्टर्ड जला मोबिल आयल भरकर नकली डीजल बना रहे पंप मैनेजर को पुलिस ने पकड़ लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पेट्रोल पंप को सील करके टैंकर सीज कर दिया है।
क्षेत्र के गांव वजीरपुर के पूर्व प्रधान अजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में काफी दिनों से नकली और मिलावटी डीजल बेचा जा रहा था। इससे काश्तकारों के पंपिंग सेट तथा वाहन खराब हो रहे थे। बृहस्पतिवार शाम उन्हें सूचना मिली कि रात को मिट्टी के तेल से भरा टैंकर और फिल्टर्ड जला मोबिल आयल पेट्रोल पंप पर आ रहा है। इसे टैंक में भरकर नकली डीजल बनाया जाएगा। गांव के लोग जागकर टैंकर आने का इंतजार करने लगे। रात में साढ़े तीन बजे टैंकर पंप पर पहुंचा तो कर्मचारी और मैनेजर ने चार ड्रमों में से फिल्टर्ड जला मोबिल आयल निकाल कर पंप के टैंक में डाल दिया। इसके बाद टैंकर से सफेद केरोसिन पाइप के जरिए टैंक में भरने लगे। इसी बीच ग्रामीणों ने यूपी-100 पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो टैंकर का ड्राइवर, हेल्पर और पंप के दो कर्मचारी भाग गए जबकि पंप के मैनेजर मनोज को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। पुलिस मामला रफा-दफा न कर दे इसलिए ग्रामीणों ने इसकी डीएम और आईजी को भी सूचना दे दी। डीएम के आदेश पर जिला पूर्ति अधिकारी ने इंस्पेक्टर अमित चौधरी तथा सप्लाई इंस्पेक्टर अजय कुमार को मौके पर भेजा। उन्होंने एसडीएम जलालाबाद तथा नायब तहसीलदार के समक्ष मिट्टी के तेल, पेट्रोल, डीजल और फिल्टर्ड जले इंजन ऑयल के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया। इसके बाद पंप को सील कर टैंकर सीज कर दिया।
जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी वीके मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया टैंकर राजीव गुप्ता निवासी हथौड़ा चौराहा, शाहजहांपुर का है। इसका रजिस्ट्रेशन जनवरी, 2017 तक ही मान्य था। बरामद डिपराड पर वर्ष 2015 की फर्जी मोहर लगी थी। टैंकर में पिछले तीन माह से कोई लोडिंग नहीं की गई थी। टैंकर से बरामद बिल्टी में जय अंबे जी बाक्स सदर शाहजहांपुर से 12 हजार लीटर सफेद केरोसिन लोड होना पाया गया। इसमें दर्ज माप से 88 लीटर सफेद केरोसिन कम पाया गया।
बरामद डीजल का सैंपल लेकर जांच की गई हैै। इसमें नकली डीजल होने की पुष्टि हुई है।
प्रांजल, सेल्स ऑफीसर एस्सार पेट्रोल पंप
गार्गी पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। कस्टडी में लिए गए पेट्रोल पंप के मैनेजर मनोज शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है।
- विजय प्रभा, जिला पूर्ति अधिकारी, शाहजहांपुर