क्षेत्र के एक गांव में दिनदहाड़े एक विवाहिता युवती को घर में अकेला देखकर पड़ोसी बदनीयती से उसके घर में घुस गया और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर युवक ने युवती के साथ मारपीट की। शोर सुनकर घर पहुंची युवती की सास को भी युवक ने नहीं बख्शा। घायल सास-बहू ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विवाहिता युवती ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे उसका पति अमृतपुर की बाजार में सब्जी लेने गया था, जबकि उसकी सास स्कूल में खाना बनाने गई थी। उसे घर में अकेली जानकर पड़ोसी युवक उसके घर में आकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर युवक ने उसके सिर पर तमंचे की नाल से वार करके सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर स्कूल से घर आयी युवती की सास ने युवक को पकड़ा, तभी उसने सास को भी पीटकर घायल कर दिया।
थाने के जनशिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी राधेश्याम यादव ने पीड़िता की तहरीर रजिस्टर्ड कर हल्का एसआई अशोक कुमार पाल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा है। पंचायत चुनाव के बाद इस तरह की घटनाओं की बाढ़ सी आ गयी है। गत दिवस कस्बे में भी एक महिला को इसी तरह घर में अकेली जानकर पड़ोसी गांव के एक युवक ने महिला के घर में घुसकर अश्लील हरकतें की थीं। जांच में घटना सही पाये जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था।