एक और गल्ला आढ़ती से तीन लाख लूटे
गेहूं खरीद के समय बदमाश गल्ला आढ़तियों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस मामलों का खुलासा नहीं कर पा रही है। पांच दिन के भीतर बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम देते हुए गल्ला आढ़ती से दिनदहाड़े तीन लाख रुपये लूट लिए। लूट के बाद आढ़ती के शोर मचाने पर राहगीरों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। सूचना के करीब 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने टीमों को बदमाशों की तलाश में निकाला लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बदमाशों हत्थे नहीं चढ़े। बताते चलें, पांच दिन में यह दूसरी वारदात है जब गल्ला आढ़ती को लूटा गया है और पुलिस अभी तक पहले मामले का भी खुलासा नहीं कर पाई है। रविवार को मोहल्ला रामनगर कालोनी निवासी अनिल कुमार गुप्ता अपने बेटे अमूल के साथ बाइक से गांव खड़सार स्थित अपनी गल्ला की आढ़त पर जा रहे थे। तिलहर-जैतीपुर रोड पर पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मारकर उन्हें गिरा दिया। व्यापारी के मुताबिक बाइक के गिरते ही बदमाशों ने तमंचे निकालकर बेटे के हाथ में थमा तीन लाख रुपये से भरा थैला छीनने की कोशिश की। इस पर दोनों बदमाशों से भिड़ गए लेकिन लुटेरों ने लुटेरों ने गोली मारने की धमकी दी तो दोनों रुक गए और बदमाशों ने थैला लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश कच्चे रास्ते की तरफ भाग निकले। अनिल और अमूल ने शोर मचाया तो राहगीर बदमाशों के पीछे दौड़े लेकिन बदमाश भाग जाने में सफल रहे। सूचना मिलने के करीब 45 मिनट पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। वहां से टीमें दौड़ाई गईं लेकिन बदमाश हत्थे नहीं लगे। खबर पाकर एसपी ग्रामीण रमेश कुमार भारतीय मौके पर पहुंचे और उन्होंने व्यापारी से घटना की जानकारी ली। पुलिस टीम को भी घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। थाना पुलिस ने अनिल की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चार दिन पहले भी लूटे थे 1.90 लाख
बदमाशों ने चार दिन पहले भी एक गल्ला आढ़ती से दिन दहाड़े डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस अभी तक इस लूट कांड का खुलासा नहीं कर पाई है। 19 अप्रैल को मोहल्ला कायस्थान निवासी आढ़ती गौरव गुप्ता से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। गौरव गांव रसेवन में स्थित अपनी दुकान खोल रहे थे, उस समय बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। तब भी मामले का खुलासा जल्द करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अभी तक खुलासा नहीं हुआ। पांच दिन में लूट की दूसरी घटना से गल्ला व्यापारियों में दहशत व्याप्त हो गई है।