- तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में झुलसी थी विवाहिता
कोरोकुइयां में तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में झुलसी विवाहिता की मौत के बाद मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की मां की ओर से पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतका के शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना पुवायां के गांव करनापुर निवासी वाशिदा पत्नी मुजीम ने बताया कि उसने बेटी हूर बी का निकाह लगभग एक साल पहले कोरोकुइयां निवासी काफिल के साथ किया था। इसमें उसने हैसियत अनुसार काफी दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और दहेज में फ्रिज और एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को रविवार शाम जला दिया। इससे उसकी सोमवार दोपहर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर और तीन देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।