गर्मी में बिजली की मोटर चलाकर पानी में खिलवाड़ कर रहे छह वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। बालक अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव जरीनपुर निवासी अरविंद वर्मा का छह वर्षीय बेटा अंकेश उर्फ मनकू गर्मी से परेशान होकर दरवाजे पर लगे बिजली की मोटर को चालू करके पानी से खिलवाड़ कर रहा था। अचानक मोटर में लगा पाइप निकल गया। बालक अंकेश मोटर में पाइप लगाने गया, तभी मोटर में आ रहे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। हादसे के समय अंकेश के पिता किसी काम से बाहर गए थे और उसकी मां मीना देवी पड़ोस के घर गई थीं, जबकि अंकेश के भाई-बहन स्कूल गए हुए थे। पड़ोसियों ने अंकेश को पड़ा देखकर उसकी मां को सूचना दी। तब तक उसके पिता अरविंद भी घर आ गए। बालक को तत्काल निजी डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन वहां से उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिवार वालों ने बालक का शव नदी में प्रवाहित कर दिया।