थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला अलीजई में 2009 में खुर्शीदा और उसकी बेटी गुलशन की हत्या करने के आरोपी आबिद उर्फ डिम्पी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आबिद की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मोहल्ला अलीजई में रहने वाले नवीउल्ला की पत्नी खुर्शीदा और बेटी गुलशन की 27 मार्च 2009 को हत्या कर दी गई थी। मामले में हाफिजगंज (बरेली) निवासी आबिद उर्फ डिम्पी और नवाबगंज (बरेली) क्षेत्र के गांव यासीन नगर गौटिया निवासी इमरान उर्फ जमील का नाम प्रकाश में आया था। थाना सदर बाजार पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी रही। तत्कालीन एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच-पांच हजार इनाम घोषित किया था, लेकिन दोनों हत्यारे अपने मकान और जमीन बेचकर भूमिगत हो गए थे। एसपी आरपीएस यादव ने मामले में नए सिरे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दिशा निर्देश दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने डीआईजी से पत्र लिखकर इनाम बढ़ाने की सिफारिश की थी। डीआईजी ने इनाम की राशि बढ़ाकर दस-दस हजार रुपये कर दी थी। एएसपी सिटी एसपी सिंह और सीओ सिटी राजेश्वर सिंह ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएसआई प्रभुकांत, एसआई रवींद्र कुमार, हेड कांस्टेबिल राजेश कुमार और कांस्टेबिल विक्रांत सिंह की टीम गठित की। टीम ने बहेड़ी से आरोपी आबिद की मां का ठिकाना तलाश करके उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लगवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में भी दबिशें दी। शनिवार को टीम ने पीलीभीत बाईपास (बरेली) सेटेलाइट बस स्टैंड के पास से आबिद को गिरफ्तार कर लिया। आबिद को सदर पुलिस ने जेल भेज दिया है।