बुधवार की रात बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की रसेवन शाखा की खिड़की काटकर बैंक में चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।
बुधवार की रात कुछ बदमाश गैस कटर से रसेवन बैंक शाखा की खिड़की काटकर उसके अंदर घुस आए। पुलिस के मुताबिक रात करीब तीन बजे गश्त को निकली पुलिस की गाड़ी सायरन बजाती हुई जब बैंक के सामने से गुजरी तो बदमाशों को खाली हाथ भागना पड़ गया। सुबह बैंक की खिड़की कटी देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बैंक में चोरी की सूचना पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आननफानन में पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की पड़ताल की। बैंक के अंदर सब कुछ ठीक ठाक देख राहत की सांस ली। सुबह मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। सीओ संजय कुमार एवं फोरेंसिक टीम एवं डाग स्क्वायड टीम ने मौका मुआयना कर जांच पड़ताल की।
कागजात समेत बैंक में रखा कैश सुरक्षित है। बदमाश खिड़की काटकर बैंक के अंदर घुसे जरूर थे, मगर उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
- परविंदर सिंह, शाखा प्रबंधक
शाखा प्रबंधक परविंदर सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की सुरागरसी की जा रही है।
- नरेंद्र यादव, एसओ मीरानपुर कटरा
इस घटना से जुड़े कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इसी के आधार पर काम किया जाएगा। उम्मीद है कि बदमाश शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- संजय कुमार, सीओ तिलहर