शहर के रोजा रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग की गई, जिसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 224 यात्रियों को चेकिंग के दौरान पकड़ लिया गया। इन यात्रियों से अस्सी हजार नौ सौ रुपये जुुर्माना वसूला गया। इस दौरान आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस भी मौजूद रही।
सीनियर डीसीएम पुष्पराज के आदेश पर बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से लेकर दोपहर साढ़े 12 बजे तक मजिस्ट्रेट चेकिंग की गई। इस दौरान अप और डाउन लाइन की शाहजहांपुर-लखनऊ मेमो, राज्यरानी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, सीतापुर पैसेंजर, सहारनपुर पैसेंजर, गुवाहटी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, बनारस-बरेली पैसेंजर आदि ट्रेनों को चेक किया। एसीएम दिलीप सेठ के नेतृत्व में 24 सीआईटी और टीटी ने रोजा में चेकिंग करने के बाद शहर के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के टिकट चेक किए। चेकिंग करने वालों में सीआईटी राजीव शर्मा, थान सिंह, पीपी विश्वकर्मा, बीके शर्मा, ठाकुर प्रसाद, मोहम्मद वासिद खां आदि मौजूद रहे।