गांव भटपुरा चंदू में रविवार रात 10 बजे लाठी चलने से दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हो गए। गंभीर घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों ओर के एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। सोमवार शाम तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
गांव भटपुरा चंदू निवासी कालीचरन ने बताया कि रविवार रात गांव के रामाधीन आदि शराब के नशे में उसके भाई जागेश्वर दयाल के घर घुस आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त वापस लौट गए और कुछ देर बाद रामाधीन, रमाकांत, शिवओम, कमल कुमार, रामरतन, तोताराम कई लोगों के साथ फिर से घर में घुस पड़े और जागेश्वर को लाठी से पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने में उसके सहित कृष्णपाल, ताराचंद्र, मुकेश कुमार, रिंकू, काजल, परसादी और मिथुन घायल हो गए। शोर होने पर गांव के लोग दौड़े तो आरोपी मौके से भाग निकले।
उधर दूसरे पक्ष के शिवओम ने बताया कि जागेश्वर, कालीचरन, ताराचंद्र, मिथुन, मुकेश सहित कई लोगों ने उसके यहां हमला बोल दिया और उसके पक्ष के रामाधीन, रमाकांत, शिवओम, कमल, रामरतन, तोताराम को पीटकर घायल कर दिया। सूचना पाकर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर घायल जागेश्वर, परसादी, मिथुन, रामाधीन, रमाकांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस एक दर्जन लोगों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।