घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, गालीगलौज और लूटपाट के आरोप में नामजद बसपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता ने एसपी को पत्र सौंपा। उसका कहना है कि बसपा नेता उसे मुकदमे में समझौते के लिए धमका रहा है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद जलालनगर निवासी एक महिला ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बसपा नेता संजीव राठौर दो लोगों के साथ चार अप्रैल को उसके घर में घुस आया और रिवाल्वर तानकर छेड़छाड़ करने लगा। बेटों ने विरोध किया तो उन्हें संजीव के साथ आए लोगों ने पकड़ लिया। शोर-शराबा सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गए। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मजबूरन उसने कोर्ट के आदेश पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। अब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है।