खिरनीबाग चौराहा पर बन रहे निर्माणाधीन ट्रैफिक बूथ में बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार कार घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई और ट्रैफिक बूथ क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे दो लोगों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को बरेली रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला आनंदपुरम में रहने वाले वन विभाग के कर्मचारी आरेंद्र मिश्रा के बेटे 27 वर्षीय अर्पित मिश्रा और उनका दोस्त मोहल्ला हुसैनपुरा में रहने वाला दीपक बृहस्पतिवार की रात अपने दोस्तों के साथ नए साल के अवसर पर सदर क्षेत्र के एक होटल में पार्टी में गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद अर्पित अपनी कार से दीपक को लेकर घर चल दिए, उन्होंने अपने दो दोस्तों को बहादुरगंज में उतार दिया। इसके बाद वह हुसैनपुरा में दीपक को छोड़ने के लिए निकला। खिरनीबाग चौराहा पर उनकी कार असंतुलित होकर ट्रैफिक बूथ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैफिक बूथ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार के इंजन में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में लगी आग बुझाकर उसमें फंसे अर्पित और दीपक को निकाला। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की सूचना पर घायलों के परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग दोनों को बरेली ले गए। वहां पीलीभीत रोड पर बने एक निजी अस्पताल में दोनों की हालत खतरे से बाहर है।