तिलहर क्षेत्र के गांव भेदपुर निवासी हेमनाथ की चार बीघा जमीन का एक व्यक्ति ने फर्जी बैनामा कराकर जमीन पर कब्जा कर लिया। इसका विरोध करने पर जमीन हड़पने वाले ने हेमनाथ के बेटे रामकुमार और पुत्रवधू सीमा उर्फ निर्मला को धमकाया। सीमा ने सोमवार को शिवसेना नेता सत्यपाल मिश्र के साथ कलक्ट्रेट जाकर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) से भेंट की और उन्हें प्रार्थना पत्र देकर जमीन पर कब्जा दिलाने के साथ जमीन हड़पने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एडीएम पीके श्रीवास्तव को सीमा ने बताया कि रोजा क्षेत्र के बिलरिया गांव में उनके ससुर हेमनाथ के नाम राजस्व अभिलेखों में गाटा संख्या 566 पर 0.244 हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है। बिलरिया गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में हेमनाथ की जगह किसी अन्य व्यक्ति और फर्जी गवाह खड़े करके इस जमीन का बैनामा अपने नाम रजिस्टर्ड कर लिया। दाखिल खारिज होने पर नए खसरा खतौनी मेें ससुर हेमनाथ की जगह बिलरिया के व्यक्ति का स्वामित्व दर्ज होने पर इस धोखाधाड़ी का पता चला।
सीमा के अनुसार ससुर हेमनाथ ने गत 27 मई को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट से थाना सदर बाजार पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए। साथ ही बैनामा खारिज करने को सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय में भी दीवानी वाद दायर किया। इसी सदमें में गत दस जून को हेमनाथ की मौत हो गई। अब जमीन पर कब्जा करने वाले लोग इस मामले में ज्यादा लिखापढ़ी करने पर बच्चों समेत पूरे परिवार को नेस्तनाबूद कर देने की धमकी दे रहे हैं। एडीएम ने आश्वस्त किया कि मामले की सदर तहसील से जांच कराकर उचित कार्रवाई की है।